हैदराबाद। सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस अकादमी (SVPNPA) में प्रशिक्षण ले रही एक महिला अधिकारी की शिकायत पर एक ट्रेनी आईपीएस अधिकारी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोपी पर यौन उत्पीड़न, मारपीट, ब्लैकमेल और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान उदय कृष्णा रेड्डी के रूप में हुई है। महिला अधिकारी का आरोप है कि, जून के अंतिम सप्ताह से आरोपी लगातार उसे अश्लील संदेश भेज रहा था और साथी प्रशिक्षु अधिकारियों के सामने अपमानजनक टिप्पणियां करता था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि, आरोपी ने बिना अनुमति निजी वीडियो रिकॉर्ड कर उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश की और वीडियो उसके पति को भेज दिया।
महिला ने आरोप लगाया कि, 9 जुलाई की रात आरोपी ने उसे जबरन अपने कमरे में ले जाकर मारपीट की, बाल खींचे, गला दबाने की कोशिश की और चाकू दिखाकर धमकाया। साथ ही उसके साथ अभद्र व्यवहार करने और आपत्तिजनक हरकत करने के भी आरोप लगाए गए हैं। अत्तापुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि, सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
