सीबीआई एक्शन: 1109 करोड़ के बैंक लोन घोटाले में बड़ी कार्रवाई, गुप्ता पावर इंफ्रास्ट्रक्चर के ठिकानों पर छापेमारी

Follow Us

भुवनेश्वर। कथित 1109 करोड़ रुपये के बैंक ऋण घोटाले की जांच में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ा कदम उठाया है। जांच एजेंसी ने गुप्ता पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी कर अहम दस्तावेज जब्त किए हैं। सीबीआई ने भुवनेश्वर की विशेष अदालत से मिले तलाशी वारंट के आधार पर ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और झारखंड में कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान कंपनी के निदेशकों के आवास, कोलकाता स्थित कार्यालय और अन्य व्यावसायिक परिसरों की जांच की गई।

जांच एजेंसी के मुताबिक, कंपनी पर आरोप है कि, उसने बैंकों से अधिक ऋण प्राप्त करने के लिए वित्तीय आंकड़ों और स्टॉक वैल्यू में कथित हेरफेर किया। आरोप है कि, गलत जानकारी के आधार पर ऋण सीमा बढ़वाई गई और बाद में धनराशि का उपयोग अन्य खातों में किया गया, जिससे बैंकों को आर्थिक नुकसान हुआ।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, कंपनी ने कई बैंकों के कंसोर्टियम से करीब 2900 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ इंडिया समेत कई बैंकों ने ऋण खातों को फ्रॉड की श्रेणी में डालकर इसकी जानकारी आरबीआई को दी थी। सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि, जब्त दस्तावेजों की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।