मुंबई। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की स्टारकास्ट और भव्य स्तर लगातार चर्चा में है। इसी बीच फिल्म से जुड़ा एक भावुक पल सामने आया, जब एक्ट्रेस सरगुन मेहता अपने पति रवि दुबे को लक्ष्मण के किरदार में देखकर भावुक हो गईं। दिल्ली में आयोजित एक खास प्रीव्यू इवेंट में फिल्म का ट्रेलर चुनिंदा मेहमानों और टीम के सदस्यों को दिखाया गया। इस दौरान रवि दुबे के साथ सरगुन मेहता भी मौजूद थीं। ट्रेलर देखने के बाद सरगुन ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए बताया कि वह अपने पति की परफॉर्मेंस देखकर बेहद भावुक हो गईं और खुशी के आंसू नहीं रोक पाईं।
सरगुन ने अपने पोस्ट में लिखा कि उनका दिल खुशी से भर गया है और वह इस पल को शब्दों में बयां नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने रवि को लक्ष्मण जैसे महत्वपूर्ण किरदार के लिए चुने जाने पर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का भी आभार जताया। वहीं, रवि दुबे भी इस खास मौके पर भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि लक्ष्मण जैसे आदर्श और महान किरदार को निभाना उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है। उन्होंने निर्देशक नितेश तिवारी और पूरी टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि इतना बड़ा किरदार निभाने का मौका उनके करियर के सबसे खास पलों में से एक है।
फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म में कई बड़े कलाकार अहम किरदार निभा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है और इसे भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल किया जा रहा है। फिल्म दो भागों में रिलीज होगी, जिसका पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होने की उम्मीद है।
