छात्रों के साथ खड़ी है हमारी सरकार, विपक्ष लोकतंत्र का अपमान कर रहा : मंत्री रामविचार नेताम

Follow Us

रायपुर। कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने साय सरकार के मंत्रियों को “जनता की गलती से मंत्री बना” और “दुकानदारी चलाने वाला” बताया था। नेताम ने कहा कि यह बयान केवल सरकार पर नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता और लोकतंत्र का भी अपमान है।

उन्होंने कहा कि जनता लोकतांत्रिक तरीके से ऐसे बयानों का जवाब दे रही है। साथ ही कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान भ्रष्टाचार के अलावा कोई बड़ी उपलब्धि नहीं रही। उन्होंने कोयला, शराब और डीएमएफ से जुड़े कथित घोटालों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन पर खुद सवाल हैं, उन्हें दूसरों पर आरोप लगाने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए।

राहुल गांधी के नीट (NEET) परीक्षा को लेकर आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए रामविचार नेताम ने कहा कि शिक्षा जैसे गंभीर विषय का राजनीतिकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ियां सामने आईं, वहां कार्रवाई की गई है और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सरकार सतर्क है।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विपक्ष द्वारा किए गए तंज का जवाब देते हुए नेताम ने कहा कि समाज में भय और भ्रम का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार छात्रों के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लक्ष्य के साथ सरकार आगे बढ़ रही है।