गीदम समिति ने बनाया नया रिकॉर्ड, तेंदूपत्ता बिक्री से 4 हजार परिवारों को मिलेगा बड़ा लाभ

Follow Us

दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले की गीदम प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति ने तेंदूपत्ता बिक्री में नया इतिहास रच दिया है। समिति का तेंदूपत्ता 38 वर्षों के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक दर पर बिका है, जिससे हजारों वनाश्रित परिवारों को आर्थिक फायदा मिलने की उम्मीद है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि राज्य लघु वनोपज संघ की ऑनलाइन निविदा प्रक्रिया में गीदम समिति का तेंदूपत्ता 10,609 रुपये और 10,909 रुपये प्रति मानक बोरा की रिकॉर्ड कीमत पर खरीदा गया।

उन्होंने बताया कि, इस बिक्री से मिलने वाली अतिरिक्त राशि बोनस के रूप में करीब 4 हजार तेंदूपत्ता संग्रहक परिवारों तक पहुंचेगी। इससे वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की आय बढ़ेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। मंत्री ने कहा कि, सरकार ने तेंदूपत्ता संग्रहण, बोनस, बीमा और अन्य योजनाओं में डिजिटल व्यवस्था लागू की है। डीबीटी के जरिए भुगतान सीधे बैंक खातों में पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों, वन विभाग के अधिकारियों और सभी सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि लघु वनोपज के माध्यम से वनाश्रित परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।