बस्तर के युवाओं के लिए बड़ा मौका, 5,800 पदों पर होगी ‘बस्तर फाइटर्स’ की भर्ती

Follow Us

बीजापुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर संभाग के युवाओं को रोजगार और सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने ‘बस्तर फाइटर्स’ के 5,800 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा को मजबूत करने के साथ स्थानीय युवाओं को सरकारी सेवा का अवसर देना है। भर्ती के पहले चरण में 1,500 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का मानना है कि, स्थानीय युवा अपनी भाषा, संस्कृति और क्षेत्र की भौगोलिक जानकारी के कारण सुरक्षा अभियानों में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

मंत्री केदार कश्यप ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि, बस्तर के युवाओं में प्रतिभा और साहस की कमी नहीं है। यह भर्ती उन्हें अपने क्षेत्र की सुरक्षा और विकास में भागीदारी का अवसर देगी। सरकार के अनुसार चयनित जवान कानून व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा मजबूत करने और नक्सल विरोधी अभियानों में सहयोग करेंगे। ‘बस्तर फाइटर्स’ भर्ती को युवाओं के लिए रोजगार के साथ-साथ क्षेत्र में शांति और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।