धमतरी। छत्तीसगढ़ की राजनीति में नक्सल मुद्दे पर बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कथित बयान को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि, माओवादी कमांडर माड़वी हिडमा जैसे व्यक्ति को प्रेरणादायक बताना शहीद जवानों के सम्मान के खिलाफ है और इससे गलत संदेश जाता है।
रंजना साहू ने कहा कि, हिडमा का नाम कई बड़े नक्सली हमलों से जुड़ा रहा है, जिनमें अनेक सुरक्षाकर्मियों ने अपने प्राण गंवाए। उनका कहना है कि, ऐसे व्यक्ति की किसी भी रूप में प्रशंसा करना शहीदों और उनके परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का रवैया लंबे समय से नक्सलवाद के प्रति नरम रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि, केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त रणनीति से बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद पर प्रभावी कार्रवाई हुई है और सुरक्षा बलों ने कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। उन्होंने भूपेश बघेल से अपने कथित बयान पर सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने और शहीद जवानों के परिजनों से माफी मांगने की मांग की। इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर नक्सलवाद और सुरक्षा के मुद्दे पर सियासी बहस तेज हो गई है।
