नारायणपुर। सैलरी पैकेज इंश्योरेंस का क्लेम दिलाने के नाम पर कमीशन मांगने और धोखाधड़ी के आरोप में नारायणपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस निरीक्षक सुरेश चंद यादव को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी निरीक्षक को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में सह-आरोपी अधिवक्ता फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने आरोप लगाया था कि इंश्योरेंस क्लेम दिलाने के नाम पर उससे अनुचित कमीशन की मांग की गई और धोखाधड़ी की गई। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और निरीक्षक सुरेश चंद यादव के साथ एक अधिवक्ता को भी आरोपी बनाया।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक (SP) संदीप पटेल ने निरीक्षक की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। फिलहाल फरार अधिवक्ता की तलाश जारी है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
