न्यू जर्सी। फीफा विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को फुटबॉल प्रेमियों के लिए बेहद खास होने वाला है। मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और यूरोपीय चैंपियन स्पेन विश्व खिताब के लिए आमने-सामने होंगे। इस मुकाबले में जहां अनुभव और जुनून की लड़ाई होगी, वहीं सभी की नजरें लियोनेल मेसी और युवा स्टार लामिन यामल पर टिकी रहेंगी। अर्जेंटीना के कप्तान मेसी अपनी टीम को लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनाने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। दूसरी ओर, यामल स्पेन को 2010 के बाद फिर से विश्व कप ट्रॉफी दिलाने का सपना लेकर खेलेंगे।
फीफा रैंकिंग में नंबर-1 अर्जेंटीना और नंबर-2 स्पेन के बीच यह मुकाबला दोनों टीमों की अलग-अलग रणनीतियों की परीक्षा होगा। अर्जेंटीना ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक फुटबॉल के दम पर शानदार प्रदर्शन किया है और सातों मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई है।वहीं, स्पेन की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत डिफेंस रहा है। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल गंवाया है और अपनी अनुशासित रणनीति से विरोधियों को मुश्किल में डाला है। अर्जेंटीना जहां लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगा, वहीं स्पेन दूसरी बार विश्व कप चैंपियन बनने के लक्ष्य के साथ उतरेगा। फुटबॉल जगत की नजर अब इस ऐतिहासिक फाइनल पर है, जहां मेसी का अनुभव और यामल का युवा जोश आमने-सामने होगा।
