क्रिकेट के महान ऑलराउंडर का निधन, सचिन-विराट ने दी भावुक श्रद्धांजलि”

Follow Us

नई दिल्ली। विश्व क्रिकेट ने एक महान खिलाड़ी को खो दिया है। वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर सर गारफील्ड सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनकी उपलब्धियों और योगदान को याद किया। सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि सोबर्स के निधन की खबर पर यकीन करना मुश्किल है। उन्होंने 2003 विश्व कप के दौरान सोबर्स से मिले सम्मान को याद किया और बताया कि उनका व्यक्तित्व हमेशा प्रेरणादायक और विनम्र रहा।

विराट कोहली ने भी सोबर्स को क्रिकेट इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि, सोबर्स की विरासत और खेल के प्रति उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। सोबर्स ने वेस्टइंडीज के लिए 93 टेस्ट मैच खेले और 8,032 रन बनाने के साथ 235 विकेट भी हासिल किए। बल्लेबाजी में उनके नाम 26 शतक दर्ज हैं, जबकि उनका नाबाद 365 रन का स्कोर लंबे समय तक टेस्ट क्रिकेट का रिकॉर्ड रहा। गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले सोबर्स को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडरों में गिना जाता है। उनके निधन से क्रिकेट ने एक ऐसे खिलाड़ी को खो दिया है, जिसकी महानता हमेशा याद रखी जाएगी।