कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के जामुड़िया स्थित एक स्पंज आयरन फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री की भट्टी में अचानक हुए जोरदार विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में अब तक पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि फैक्ट्री के अंदर कई मजदूर अभी भी फंसे हो सकते हैं। हालांकि, प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज आसपास के क्षेत्रों तक सुनाई दी। भट्टी के पास अत्यधिक तापमान होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भी मुश्किलें आ रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद आसपास के कुछ घरों में भी कंपन महसूस हुआ और नुकसान की आशंका जताई गई है। वहीं, हादसे के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति सामान्य होने के बाद फैक्ट्री में विस्तृत जांच की जाएगी।
