हिसार। हरियाणा के हिसार जिले की रहने वाली लक्षिका मित्तल ने राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा (NEET UG) में शानदार सफलता हासिल कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है। लक्षिका ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 181 हासिल की है। उन्होंने 720 अंकों की परीक्षा में 685 अंक प्राप्त किए हैं। लाहौरिया चौक क्षेत्र की रहने वाली लक्षिका एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता प्रवीन कुमार मित्तल शहर में किताबों की दुकान चलाते हैं। बेटी की इस बड़ी उपलब्धि से पूरा परिवार बेहद खुश है। लक्षिका की सफलता पर उनके दादा कृष्ण लाल मित्तल, दादी विद्या देवी और परिवार के अन्य सदस्यों ने खुशी जाहिर की।
लाखों विद्यार्थियों के बीच शीर्ष रैंक हासिल करना एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। लक्षिका की मेहनत और लगन ने यह साबित कर दिया कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। अपनी सफलता का श्रेय लक्षिका ने नियमित पढ़ाई, अनुशासन और आत्मविश्वास को दिया है। उन्होंने बताया कि वह अब किसी प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थान से MBBS की पढ़ाई पूरी कर डॉक्टर बनने के अपने सपने को पूरा करना चाहती हैं। लक्षिका की इस उपलब्धि के बाद उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। स्थानीय लोग भी छात्रा और उसके परिवार को शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनकी सफलता को क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बता रहे हैं।
