कोरबा। जिले के दादर में आयोजित जगन्नाथ रथयात्रा मेले के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेले के पास बिजली के तार पर करीब 8 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही श्रद्धालुओं और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। मेले में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के चलते किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई थी।
सूचना मिलते ही कोरबा वन मंडल की अधिकृत रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम प्रभारी जितेंद्र सारथी अपने साथियों राजू बर्मन, राकेश मानिकपुरी, साहिल और बॉबी के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। सबसे पहले टीम ने सुरक्षा के मद्देनजर भीड़ को अजगर से दूर किया, ताकि कोई हादसा न हो।
इसके बाद रेस्क्यू टीम ने पूरी सावधानी और तकनीकी कौशल के साथ काफी मशक्कत के बाद अजगर को बिजली के तार से सुरक्षित नीचे उतारा। रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने अजगर का स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्वस्थ पाए जाने पर उसे उसके प्राकृतिक आवास के निकट वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से मेले में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और एक बड़ा हादसा टल गया।
