मुंबई। भोजपुरी इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री और टीवी स्टार संभावना सेठ इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे खास पल का आनंद ले रही हैं। हाल ही में संभावना और उनके पति अविनाश द्विवेदी माता-पिता बने हैं। कपल ने 4 जून को सरोगेसी के जरिए जुड़वा बच्चों का स्वागत किया था। बच्चों की पहली झलक का इंतजार कर रहे फैंस के लिए संभावना ने अब खास पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पति अविनाश के साथ कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिसमें दोनों अपने जुड़वा बच्चों को गोद में लिए नजर आ रहे हैं। हालांकि, कपल ने अभी तक बच्चों के चेहरे सार्वजनिक नहीं किए हैं और उनकी प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखा है।
संभावना ने तस्वीरों के साथ भावुक कैप्शन लिखते हुए अपने बच्चों के नाम का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनके बेटे का नाम युगार्थ और बेटी का नाम ध्वजा रखा गया है। बच्चों के अनोखे और अर्थपूर्ण नाम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए हैं। फैंस ने कपल को नई शुरुआत के लिए ढेरों शुभकामनाएं दी हैं। तस्वीरों में संभावना और अविनाश के चेहरे पर माता-पिता बनने की खुशी साफ नजर आ रही है। बेटे युगार्थ ने हल्के रंग का कुर्ता-पायजामा पहना हुआ था, जबकि बेटी ध्वजा खूबसूरत फ्रॉक में नजर आईं। दोनों बच्चों के चेहरे तस्वीरों में छिपाए गए हैं। गौरतलब है कि संभावना सेठ और अविनाश द्विवेदी लंबे समय से माता-पिता बनने का इंतजार कर रहे थे। संभावना ने कई बार अपने व्लॉग्स और इंटरव्यू में इस सफर से जुड़ी भावनाओं और चुनौतियों के बारे में खुलकर बात की थी। अब सरोगेसी के जरिए उनकी यह इच्छा पूरी हुई है और उनके घर बेटे-बेटी की खुशियां आई हैं।

