इम्फाल। बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा अपनी पत्नी और अभिनेत्री लिन लैशराम के साथ मणिपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह और उनकी पत्नी जॉयबाला से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री दंपति ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुलाकात की तस्वीरें रणदीप ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की हैं। लिन लैशराम मणिपुर की राजधानी इम्फाल की रहने वाली हैं, इसलिए रणदीप हुड्डा ने मजाकिया अंदाज में मणिपुर को अपना “ससुराल” बताया। इंस्टाग्राम पोस्ट में अभिनेता ने मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी का आभार व्यक्त करते हुए लिखा कि मणिपुर में शांति और विकास के लिए उनकी सोच प्रेरणादायक है।
रणदीप ने अपने पोस्ट में लिखा, “माननीय मुख्यमंत्री और जॉयबाला मैम के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए तहे दिल से धन्यवाद। मणिपुर के शानदार लोगों के लिए शांति, एकता और समृद्धि की कामना करता हूं। मुझे यह देखकर बेहद खुशी हो रही है कि मेरे ससुराल की बागडोर बहुत काबिल हाथों में है।” अभिनेता ने ‘कांग’ उत्सव की शुभकामनाएं भी दीं। कांग मणिपुर का प्रमुख रथयात्रा महोत्सव है, जिसे ओडिशा के पुरी की भगवान जगन्नाथ रथयात्रा की तर्ज पर मनाया जाता है। गौरतलब है कि रणदीप हुड्डा हरियाणा से हैं और हरियाणवी संस्कृति में दामाद को ‘बटेऊ’ कहा जाता है। रणदीप और लिन लैशराम ने वर्ष 2023 में पारंपरिक मणिपुरी रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया था।

