महादेव बेटिंग ऐप केस में ED का बड़ा एक्शन: EbixCash चेयरमैन विकास गर्ग 10 दिन की रिमांड पर, ₹4,000 करोड़ की संपत्ति जब्त

Follow Us

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप और स्काईएक्सचेंज से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। विशेष PMLA अदालत ने उन्हें 24 जुलाई 2026 तक 10 दिन की ED रिमांड पर भेज दिया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस मामले में अब तक करीब ₹4,000 करोड़ की चल और अचल संपत्तियां अटैच, जब्त या फ्रीज की जा चुकी हैं। ED के अनुसार, विकास गर्ग को 14 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें नई दिल्ली की विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद 15 जुलाई को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने ED की दलीलें सुनने के बाद उन्हें 10 दिनों की हिरासत में भेज दिया।

ED की जांच छत्तीसगढ़ के दुर्ग सहित आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में दर्ज FIR के आधार पर शुरू हुई थी। जांच में सामने आया कि महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज जैसे अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म विदेश से संचालित फ्रेंचाइजी आधारित नेटवर्क के जरिए हर महीने ₹450 करोड़ से अधिक की अवैध कमाई कर रहे थे। जांच एजेंसी के मुताबिक, अवैध कमाई को शेल कंपनियों, फर्जी एंट्री, दुबई, मॉरीशस और यूनाइटेड किंगडम स्थित कंपनियों के जरिए QIP, FPI, FDI और FCCB रूट से निवेश कर वैध दिखाने की कोशिश की गई। इस धन का निवेश विकास गर्ग के नियंत्रण वाली सूचीबद्ध और गैर-सूचीबद्ध कंपनियों में किया गया। ED का दावा है कि इसी धन का इस्तेमाल अमेरिका की कंपनी EBIX Inc. में 97.58% हिस्सेदारी खरीदने और भारत व विदेश में अन्य निवेश करने में भी किया गया।

इससे पहले 5 जून 2026 को ED ने विकास गर्ग, उनके परिवार और उनसे जुड़ी कंपनियों की करीब ₹940.77 करोड़ की संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की थीं। जांच में यह भी सामने आया कि कार्रवाई के दौरान भी आरोपी कथित तौर पर अपराध से अर्जित धन को छिपाने और इधर-उधर करने की कोशिश कर रहा था। ED ने बताया कि इस मामले में अब तक सात प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं और विशेष PMLA अदालत में अभियोजन शिकायत भी दायर की जा चुकी है। अदालत मनी लॉन्ड्रिंग के अपराध का संज्ञान ले चुकी है। मामले की आगे की जांच जारी है।