कोलकाता एयरपोर्ट की मस्जिद में नमाज रोकने पर विवाद तेज, सुरक्षा बढ़ाई गई; प्रशासन ने बताई रनवे सुरक्षा की वजह

Follow Us

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एयरपोर्ट परिसर में स्थित एक मस्जिद को लेकर विवाद बढ़ गया है। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए प्रशासन ने अगले कुछ दिनों के लिए मस्जिद में नमाज पर रोक लगाई है, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, कोलकाता एयरपोर्ट परिसर में दो रनवे के बीच स्थित मस्जिद के आसपास निर्माण कार्य किया जाना है। इसके अलावा रनवे के नजदीक होने के कारण सुरक्षा जोखिम को देखते हुए नमाज के लिए लोगों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाई गई है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम विमान संचालन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। वहीं, मस्जिद कमेटी के कुछ सदस्यों की ओर से स्थान परिवर्तन के विकल्प पर भी चर्चा की गई है, लेकिन इस मुद्दे पर समुदाय के भीतर अलग-अलग राय सामने आई है।

इस बीच जमीयत उलेमा-ए-हिंद के बंगाल प्रमुख सिद्दीकुल्लाह चौधरी ने मस्जिद में ही जुमे की नमाज कराने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि मस्जिद 135 साल से अधिक पुरानी है और प्रशासन के साथ बातचीत जारी है, ऐसे में नमाज पर रोक लगाने की जरूरत नहीं थी। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एयरपोर्ट के आसपास जाने वाली सड़कों और गलियों में बड़ी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने निषेधाज्ञा लागू होने की जानकारी भी दी है। एक स्थानीय इमाम ने पुलिस से बातचीत के बाद कहा कि अगर अनुमति नहीं मिलती है तो नमाज के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। गौरतलब है कि गौरीपुर मस्जिद को लेकर यह विवाद सामने आया है। प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच समाधान के लिए बातचीत जारी है, जबकि सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर हैं।