रायपुर। अभनपुर विकासखंड के सोनसिल्ली स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के जर्जर भवन को लेकर शुक्रवार को ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, पालकों और स्कूली छात्र-छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा। बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया और नए स्कूल भवन के निर्माण की मांग की।
लगातार हो रही बारिश के बीच प्रदर्शनकारी सुबह से ही हाथों में तख्तियां लेकर “नया स्कूल भवन दो” के नारे लगाते रहे। प्रदर्शन के दौरान स्कूल के शिक्षक कुछ दूरी पर खड़े होकर मूकदर्शक बने रहे।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय एक ही परिसर में दो पालियों में संचालित होते हैं। दोनों भवन काफी जर्जर हो चुके हैं और उनकी हालत ऐसी है कि वे कभी भी ढह सकते हैं। लगातार बारिश के कारण भवन की स्थिति और अधिक खतरनाक हो गई है।
ग्रामीणों और पालकों ने प्रशासन से जल्द नए स्कूल भवन का निर्माण कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई, तो पढ़ाई के दौरान कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है और मासूम बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
