26 जून से 16 जुलाई के बीच सामने आए कोविड-19 के मामले, गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे मृतक; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। राज्य के स्वास्थ्य आयुक्त जी. वीरपांडियन ने बताया कि 26 जून से 16 जुलाई के बीच कोविड-19 के 12 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान चार संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। सभी मृतक पहले से हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और किडनी जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, चार मृतकों में तीन कडप्पा जिले और एक काकीनाडा जिले का निवासी था। बढ़ते मामलों को देखते हुए कडप्पा के आरआईएमएस अस्पताल में कोविड वार्ड भी तैयार कर दिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों का तुरंत इलाज किया जा सके।
स्वास्थ्य आयुक्त ने बताया कि वर्ष 2026 में आंध्र प्रदेश का पहला कोविड-19 मामला 26 जून को कडप्पा जिले में सामने आया था। इसके बाद 1 जुलाई से 16 जुलाई के बीच 11 नए संक्रमित मिले। इनमें से दो लोग संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने के कारण वायरस की चपेट में आए।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, आवश्यक होने पर मास्क पहनने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने और कोविड जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है।
