बिलासपुर में भारी बारिश से जनजीवन बेहाल, घरों में घुसा पानी; स्कूलों में छुट्टी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के असर से प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

बिलासपुर में रातभर हुई मूसलाधार बारिश से श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, सरकंडा के बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स सहित कई इलाकों की सड़कें और घर जलमग्न हो गए। जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया।

वहीं रायपुर, दुर्ग समेत कई जिलों में रातभर बूंदाबांदी जारी रही। दूसरी ओर रायगढ़ जिले में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से प्रभा एक्का (55) की मौत हो गई। वह जंगल में पुटू (जंगली मशरूम) बीनने गई थीं, तभी अचानक मौसम बदलने से बिजली की चपेट में आ गईं।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा हुई। हालांकि 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य से 31 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।