दो महिलाओं व दो बच्चियों की मौत, एक मासूम गंभीर
भिलाईनगर । दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह कुम्हारी थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 8 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे का इलाज रायपुर स्थित एम्स में चल रहा है।
दो दिन पहले ही बेटी का बर्थडे मनाया
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल ने बताया कि स्कूटी (CG 07 DE 5847) पर पांच लोग सवार होकर भिलाई-3 से रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे। स्कूटी अमृत निर्मलकर (28) चला रही थीं। सुबह करीब 10 से 10:30 बजे दशमेश ढाबा के पास उनकी तेज रफ्तार स्कूटी हाईवे किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान
▪️अमृत निर्मलकर (28 वर्ष), पति लोकेश निर्मलकर
▪️लक्ष्मी निर्मलकर (26 वर्ष), पिता विशेषण निर्मलकर
▪️यासना (7 वर्ष), पिता लोकेश निर्मलकर
▪️डाली (4 वर्ष)
वहीं भावेश (8 वर्ष), पिता लोकेश निर्मलकर, गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे रायपुर एम्स रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मर्चुरी भेजा गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है तथा उसके चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


