नो शिमला, नो मनाली! हिमाचल का छिपा हुआ स्वर्ग है ‘जिभी’, यहां घूमे बिना अधूरी रहेगी आपकी ट्रिप

Follow Us

नई दिल्ली। अगर आप हिमाचल प्रदेश घूमने का प्लान बना रहे हैं और भीड़भाड़ से दूर किसी शांत और खूबसूरत जगह की तलाश में हैं, तो इस बार शिमला और मनाली की बजाय जिभी का रुख करें। कुल्लू जिले की बंजार घाटी में बसा जिभी अपनी प्राकृतिक सुंदरता, देवदार के घने जंगलों, झरनों और शांत वातावरण के लिए तेजी से पर्यटकों की पसंद बन रहा है। करीब 5,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित जिभी मनाली से लगभग 100 किलोमीटर दूर है। यहां लकड़ी के कॉटेज, ट्री हाउस और चारों ओर फैली हरियाली प्रकृति प्रेमियों को खास आकर्षित करती है। शहर की भागदौड़ से दूर यह जगह सुकून और रोमांच दोनों का शानदार अनुभव देती है।

जिभी में घूमने की खास जगहें

● जालोरी पास:
जिभी से करीब 12-14 किलोमीटर दूर स्थित यह माउंटेन पास लगभग 10,000 फीट की ऊंचाई पर है। यहां से बर्फ से ढके पहाड़ों का मनमोहक नजारा देखने को मिलता है।

● रघुपुर किला:
करीब 11,155 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह ऐतिहासिक किला आज भले ही खंडहर में तब्दील हो चुका हो, लेकिन यहां से कुल्लू और मंडी घाटी का शानदार दृश्य दिखाई देता है।

● श्रृंग ऋषि मंदिर:
बग्गी गांव में स्थित यह प्राचीन मंदिर स्थानीय देवता श्रृंग ऋषि को समर्पित है, जिन्हें कुल्लू के 18 प्रमुख देवताओं में से एक माना जाता है। मंदिर का संबंध रामायण काल से भी जोड़ा जाता है।

● सेरोलसर झील:
जालोरी पास से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित यह शांत और खूबसूरत झील प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, झील के पानी में औषधीय गुण भी पाए जाते हैं।

अगर आप इस बार हिमाचल की यात्रा को यादगार बनाना चाहते हैं, तो जिभी की खूबसूरत वादियां, शांत माहौल और प्राकृतिक नजारे आपकी ट्रिप को खास बना देंगे।