रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार-2026 के तहत किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इसी क्रम में मरवाही विकासखंड के ग्राम उषाड़ निवासी किसान विनय अभिषेक सिंह को कृषि विभाग ने शासन की योजना के तहत अनुदान पर धान की रोपाई के लिए आधुनिक रोपा लगाने की मशीन उपलब्ध कराई है।
किसान विनय अभिषेक सिंह ने जिला स्तरीय समाधान शिविर में आवेदन देकर धान की रोपाई को कम समय, कम लागत और कम श्रम में करने के लिए आधुनिक मशीन उपलब्ध कराने की मांग की थी। आवेदन प्राप्त होते ही कृषि विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए सीएचएएमपीएस प्रणाली के माध्यम से उनका पंजीयन किया और पात्रता के अनुसार अनुदान स्वीकृत कर मशीन उपलब्ध करा दी।
किसान ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक रोपा मशीन मिलने से धान की रोपाई अधिक दक्षता और बेहतर गुणवत्ता के साथ समय पर हो सकेगी। इससे मजदूरी का खर्च कम होगा, समय की बचत होगी और फसल उत्पादन बढ़ने से आय में भी वृद्धि होगी।
उप संचालक कृषि सत्यजीत कंवर ने बताया कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और यंत्रीकरण से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र किसानों को अनुदान पर आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे खेती अधिक उत्पादक, सुविधाजनक और लाभकारी बन सके।
उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है, ताकि किसानों सहित सभी पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ शीघ्र पहुंच सके।
