रायपुर। रायपुर से लापता हुए दो नाबालिग लड़कों को ओडिशा के रायगढ़ा जिले में सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों की तलाश में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आरपीएफ नेटवर्क और विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयास से यह सफलता मिली।
जानकारी के अनुसार, गुनुपुर स्थित शांति निकेतन से दोनों बच्चों के लापता होने की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभागों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन की सहायता से आरपीएफ नेटवर्क और विभिन्न राज्यों के समन्वयकों को बच्चों की जानकारी साझा की गई। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 नेटवर्क को भी अलर्ट किया गया।
सूचना मिलने के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन ओडिशा नेटवर्क ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों बच्चों की तलाश शुरू की और उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए रायगढ़ा स्थित बाल कल्याण समिति (CWC) के माध्यम से बच्चों की पहचान कर उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि गुमशुदा बच्चों की तलाश और सुरक्षा सुनिश्चित करने में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आरपीएफ नेटवर्क और सामाजिक संगठनों के बेहतर समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत जताते हुए सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
