कानपुर। शहर में गंदगी के बीच तैयार किए जा रहे मोमोज और अस्वच्छ तरीके से रखी गई चटनी पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष अभियान के दौरान तीन स्थानों पर गंभीर अनियमितताएं मिलने पर करीब 115 किलोग्राम संदिग्ध चटनी नष्ट कराई गई, जबकि मोमोज और चटनी के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रावतपुर, साकेत नगर और मसवानपुर क्षेत्र में मोमोज बनाने और बेचने वाली दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई जगह खाद्य सामग्री गंदगी के बीच रखी मिली और स्वच्छता मानकों का पालन नहीं पाया गया। अधिकारियों ने इसे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताया।
सबसे बड़ी अनियमितता रावतपुर स्थित श्री बालाजी मोमोज में सामने आई, जहां बिना आवश्यक खाद्य पंजीकरण के कारोबार संचालित किया जा रहा था। परिसर में गंदगी और खाद्य सामग्री के अस्वच्छ रखरखाव को देखते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से संचालन बंद करने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया गया कि आवश्यक पंजीकरण और सभी कमियां दूर होने के बाद ही दोबारा संचालन की अनुमति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मोमोज के साथ परोसी जाने वाली लाल चटनी भी गंदी जगहों पर रखी मिली। केवल श्री बालाजी मोमोज से करीब 45 किलोग्राम चटनी मौके पर नष्ट कराई गई, जबकि पूरे अभियान में विभिन्न स्थानों से कुल 115 किलोग्राम संदिग्ध चटनी नष्ट की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मोमोज, चटनी और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं। यदि जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन या प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग पाया जाता है, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मसवानपुर क्षेत्र में सड़क किनारे लगे मोमोज के ठेलों की भी जांच की गई, जहां रंगीन फिंगर चिप्स और चटनी भी स्वच्छता मानकों के अनुरूप नहीं मिली। अधिकारियों ने इन्हें मौके पर नष्ट कर विक्रेताओं को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि लोगों की सेहत से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से केवल स्वच्छ और पंजीकृत प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री खरीदने तथा कहीं भी गंदगी या संदिग्ध खाद्य पदार्थ मिलने पर संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की है।
