कुकराचुंदा-मोहभट्ठा और बोडतरा रेलवे फाटक 19 जुलाई तक बंद, रेलवे ने जारी किया ट्रैफिक अलर्ट

Follow Us

रायपुर। रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत भाटापारा-हथबंद रेलवे सेक्शन में आवश्यक ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते कुकराचुंदा-मोहभट्ठा और बोडतरा रेलवे फाटक अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। रेलवे प्रशासन ने आम नागरिकों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने और यात्रा की योजना पहले से बनाने की अपील की है।

रेलवे के अनुसार, भाटापारा-हथबंद स्टेशनों के बीच समपार क्रमांक 386 (कि.मी. 768/14-16) तथा समपार क्रमांक 389 (कि.मी. 774/14A-16A) पर डाउन लाइन में आवश्यक मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसके चलते 18 जुलाई 2026 को सुबह 8:00 बजे से 19 जुलाई 2026 को दोपहर 12:00 बजे तक दोनों रेलवे फाटकों पर सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा कारणों से किसी भी प्रकार के वाहन या पैदल आवागमन की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, कुकराचुंदा-मोहभट्ठा रोड स्थित समपार क्रमांक 389 को स्थायी रूप से बंद किए जाने की प्रक्रिया भी जारी है।

रेलवे ने लोगों से असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।