जगदलपुर। बस्तर के श्रद्धालुओं के लिए बुधवार की सुबह आस्था और उत्साह से भरी रही। जगदलपुर रेलवे स्टेशन से भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए विशेष ट्रेन पुरी के लिए रवाना हुई। जय जगन्नाथ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने खुशी और उत्साह के साथ अपनी यात्रा शुरू की। इस विशेष रेल सेवा से यात्रियों का लंबा और कठिन सफर काफी आसान हो गया है।
यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन और आरपीएफ ने स्टेशन पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की। प्लेटफॉर्म पर लगातार सुरक्षा संबंधी घोषणाएं की गईं। आरपीएफ ने यात्रियों से अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने, अनजान लोगों से खाने-पीने की वस्तु स्वीकार नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस को देने की अपील की।
वहीं, पुरी रेलवे स्टेशन पर भी श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। यात्रियों के लिए पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह विशेष ट्रेन बस्तर और भगवान जगन्नाथ की आस्था को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी बनकर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक यात्रा का माध्यम साबित हो रही है।
