वॉशिंगटन। अमेरिका के यूटा राज्य के वेस्ट वैली सिटी स्थित वैली फेयर मॉल में एक भारतीय मुस्लिम युवक पर धर्म पूछकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले युवक से उसकी पहचान और धर्म के बारे में पूछा, फिर मुस्लिम होने की पुष्टि होते ही उस पर चाकू से ताबड़तोड़ 15 वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, भारतीय मूल का युवक सोहेल वेस्ट वैली सिटी के वैली फेयर मॉल में एक कियोस्क पर काम करता है। घटना के दौरान 48 वर्षीय आरोपी पीटर माइकल लार्सन उसके पास आया और पहले पूछा कि वह कहां का रहने वाला है। सोहेल ने बताया कि वह भारत से है। इसके बाद आरोपी ने पूछा कि क्या वह मुस्लिम है। जैसे ही सोहेल ने ‘हां’ में जवाब दिया, आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर लगातार 15 वार कर दिए।
हमले के दौरान मॉल में मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और खतरनाक हथियार के अवैध इस्तेमाल सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे सॉल्ट लेक काउंटी जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सोहेल को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वह मुस्लिम था। उसने यह भी कहा कि वह मुसलमानों को मारना चाहता था। अधिकारियों ने आरोपी को सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है।
घायल सोहेल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब तक उसकी कई सर्जरी हो चुकी हैं। पीड़ित के लिए शुरू किए गए GoFundMe अभियान के अनुसार, वह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य है। उसकी पत्नी काम नहीं करती और उनके दो छोटे बच्चे हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी पीटर माइकल लार्सन का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। वर्ष 2022 में उसने कथित तौर पर अपने घर के बाहर आग लगाई थी और मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों को गोली मारने की धमकी दी थी। उस मामले में भी उसे जेल की सजा हो चुकी है। मामले की जांच जारी है।

