बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। जारगीम गांव के पास मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह मामला शंकरगढ़ थाना क्षेत्र का है।
पिकअप पलटने से 2 महिलाओं की मौत, 10 घायल
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे, जो अपना काम करके वापस घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जारगीम गांव के पास अचानक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और उसमें सवार सभी गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वहीं पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई है। वहीं करीब 10 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें से 4 को गंभीर चोटें आई हैं। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, दुर्घटना कैसे हुई, इसके वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है।
