काबुल/नई दिल्ली: पाकिस्तान से अफगानिस्तान लौट रहे हजारों नागरिकों के पुनर्वास के लिए भारत ने मानवीय सहायता का कदम उठाया है। भारत सरकार ने अफगानिस्तान के शरणार्थी एवं पुनर्वास मंत्रालय (MoRR) को परिवारों के अस्थायी ठहराव के लिए फैमिली टेंट उपलब्ध कराए हैं।
विदेश मंत्रालय ने जानकारी देते हुए कहा कि, भारत हमेशा अफगानिस्तान के लोगों के साथ खड़ा रहा है। इसी सहयोग के तहत लौटने वाले नागरिकों को राहत और अस्थायी आवास उपलब्ध कराने के लिए यह सहायता दी गई है। दरअसल, पाकिस्तान में बिना वैध दस्तावेज या वीजा के रह रहे अफगान नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज होने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने देश लौट रहे हैं। रिपोर्टों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में हजारों अफगान नागरिक पाकिस्तान से वापस अफगानिस्तान पहुंचे हैं।
तालिबान के रिटर्नी मामलों से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, सीमा क्षेत्रों पर लौटने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में उनके लिए रहने, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था बड़ी चुनौती बन गई है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी (UNHCR) ने भी इस स्थिति पर चिंता जताई है और अपील की है कि अफगान नागरिकों की वापसी सुरक्षित, स्वैच्छिक और सम्मानजनक तरीके से होनी चाहिए। भारत की यह सहायता ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब बड़ी संख्या में विस्थापित परिवारों को तत्काल राहत और पुनर्वास की जरूरत है।
