5 साल के रुद्रांश का कमाल, लगाए 1455 पौधे; केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया सम्मानित

Follow Us

नई दिल्ली। छोटी सी उम्र में बड़ा काम कर दिखाने वाले 5 वर्षीय रुद्रांश उपाध्याय ने पर्यावरण संरक्षण की मिसाल पेश की है। महज 5 साल 2 महीने की उम्र में रुद्रांश ने अब तक 1455 पौधे लगाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी दिखाई है। उनके इस अनोखे प्रयास के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें सम्मानित किया। वाराणसी के मूल निवासी रुद्रांश वर्तमान में पंचकूला में अपने पिता ज्ञानेंद्र उपाध्याय के साथ रहते हैं, जो भारतीय सेना में कार्यरत हैं। रुद्रांश अपने पर्यावरण अभियान ‘रुद्रांश ग्रीन मिशन’ (RGM) के जरिए लगातार पौधारोपण और पौधों की देखभाल कर रहे हैं।

नई दिल्ली में आयोजित ‘वृक्ष मित्र’ कार्यक्रम में रुद्रांश को विशेष आमंत्रण मिला, जहां उन्होंने केंद्रीय मंत्री के साथ पौधारोपण भी किया। उन्होंने बताया कि उनके लगाए गए 1455 पौधों में से 1427 पौधे सुरक्षित हैं और लगातार बढ़ रहे हैं। रुद्रांश हर रविवार कम से कम सात पौधे लगाने का संकल्प निभाते हैं। वह पौधों की लोकेशन, प्रजाति और देखभाल से जुड़ा डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार रखते हैं। उनके समर्पण से प्रभावित होकर शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें सम्मान पत्र के साथ एक पौधा और 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। रुद्रांश की यह पहल बच्चों और युवाओं के लिए पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा बन रही है।