26 साल बाद तमिल सिनेमा में वापसी करेंगे नसीरुद्दीन शाह , धनुष की फिल्म ‘ओम’ में आएंगे नजर

Follow Us

चेन्नई। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अपनी हालिया फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की सफलता के बाद अब वह साउथ सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ओम’ का हिस्सा बनने जा रहे हैं। मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर उनके नाम का ऐलान कर दिया है, जिसके साथ ही यह साफ हो गया है कि नसीरुद्दीन शाह करीब 26 साल बाद तमिल फिल्म इंडस्ट्री में वापसी करेंगे। फिल्म ‘ओम’ एक बड़े बजट की एक्शन-ड्रामा फिल्म है, जिसे दो भागों में तैयार किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का निर्देशन राजकुमार पेरियासामी कर रहे हैं, जिन्हें उनकी पिछली फिल्म ‘अमरन’ के लिए काफी सराहना मिली थी। अब वह अभिनेता धनुष के साथ इस भव्य प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं।

मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए नसीरुद्दीन शाह के फिल्म से जुड़ने की जानकारी साझा की। पोस्ट में अभिनेता का स्वागत करते हुए बताया गया कि वह इस मेगा प्रोजेक्ट का हिस्सा बन चुके हैं। फिल्म को 16 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है। नसीरुद्दीन शाह की तमिल सिनेमा में वापसी इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उनकी पिछली तमिल फिल्म ‘हे राम’ साल 2000 में रिलीज हुई थी। कमल हासन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उन्होंने महात्मा गांधी का किरदार निभाया था। फिल्म में शाहरुख खान भी अहम भूमिका में नजर आए थे। फिल्म की स्टारकास्ट पहले से ही काफी मजबूत है। धनुष इसमें मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी और श्रीलीला फीमेल लीड में नजर आएंगी। वहीं, मलयालम सुपरस्टार ममूटी के भी फिल्म में अहम भूमिका निभाने की खबरें हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। ‘ओम चैप्टर 1: उधिरम – द ब्लड वुड’ नाम से फिल्म का पहला भाग रिलीज किया जाएगा। दमदार स्टारकास्ट, बड़े स्तर के एक्शन सीक्वेंस और भव्य प्रस्तुति के कारण इस फिल्म को 2026 की चर्चित फिल्मों में शामिल माना जा रहा है।