मुंबई। रियलिटी शो की दुनिया में कुशल तंवर उर्फ ‘गुल्लू’ ने जीत की हैट्रिक लगाकर नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। रोडीज, स्प्लिट्सविला X6 के बाद अब उन्होंने ‘मां है ना’ का पहला सीजन भी जीत लिया है। इस जीत के साथ कुशल लगातार तीन बड़े रियलिटी शो जीतने वाले चर्चित कंटेस्टेंट्स में शामिल हो गए हैं। शिल्पा शेट्टी द्वारा होस्ट किए गए इस शो के ग्रैंड फिनाले में कुशल तंवर ने अपनी मां के साथ शानदार प्रदर्शन किया। फिनाले में प्रतिभागियों को पनीर टिक्का, पराठा और जलेबी तैयार करनी थी, जिसमें कुशल और उनकी मां ने जजों का दिल जीत लिया। उनकी डिश और टीमवर्क की जमकर सराहना की गई।
‘मां है ना’ में कुशल ने तान्या मित्तल, उर्वशी ढोलकिया और सुनीता आहूजा जैसे मजबूत प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। शो जीतने के बाद उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां और प्रशंसकों को दिया। इससे पहले कुशल तंवर ने एमटीवी रोडीज का खिताब जीता था और फिर एमटीवी स्प्लिट्सविला X6 में कायरा के साथ विजेता बने थे। अब ‘मां है ना’ जीतकर उन्होंने लगातार तीसरी बड़ी रियलिटी शो ट्रॉफी अपने नाम कर ली है, जिससे उनकी लोकप्रियता में और इजाफा हुआ है।
