नई दिल्ली। भारतीय फिल्म निर्देशक एसएस राजामौली को फ्रांस के ल्योन स्थित प्रतिष्ठित ल्यूमियर म्यूज़ियम में विशेष सम्मान से नवाजा गया है। उन्हें सिनेमा जगत के दिग्गज फिल्मकारों के साथ प्रसिद्ध ‘मुर डेस सिनेस्टेस’ (Mur des Cinéastes) पर स्मृति पट्टिका लगाकर सम्मानित किया गया। राजामौली ने सोशल मीडिया पर इस सम्मान की जानकारी साझा करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने ल्यूमियर म्यूज़ियम और उस स्क्रीनिंग रूम का दौरा किया, जहां उनकी फिल्में ‘ईगा’ और ‘आरआरआर’ हाउसफुल शो के साथ प्रदर्शित की गई थीं।
उन्होंने बताया कि इंस्टीट्यूट ल्यूमियर और कान्स फिल्म फेस्टिवल के निदेशक थिएरी फ्रेमॉक्स ने उनका परिचय कराया और उन्हें उस ऐतिहासिक सड़क पर ले गए, जिसे सिनेमा का जन्मस्थान माना जाता है। राजामौली ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद भावुक करने वाला था। राजामौली ने बताया कि जब उन्होंने मार्टिन स्कॉर्सेसे, क्लिंट ईस्टवुड, क्वेंटिन टारनटिनो और फ्रांसिस फोर्ड कोपोला जैसे महान फिल्मकारों के नामों के बीच अपनी पट्टिका देखी, तो वे भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए अविस्मरणीय है और वह खुद को बेहद विनम्र महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने इस सम्मान के लिए इंस्टीट्यूट ल्यूमियर का धन्यवाद देते हुए कहा कि यह याद उनके जीवन की सबसे खास उपलब्धियों में से एक रहेगी। इससे पहले राजामौली ने एनेसी एनिमेशन फेस्टिवल में अपनी आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ की पहली झलक भी दिखाई थी। महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा जोनास और पृथ्वीराज सुकुमारन अभिनीत यह फिल्म पहले से ही चर्चा में है। फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
