मुंबई में बारिश का कहर: खुले मैनहोल में गिरकर बुजुर्ग की मौत, 2 घंटे बाद मिला शव

Follow Us

मुंबई। लगातार हो रही बारिश के बीच मुंबई में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। साकीनाका इलाके में खुले मैनहोल में गिरने से 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उनका शव नाले से बरामद किया गया। इस घटना ने एक बार फिर मानसून के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतक की पहचान यादव नगर निवासी असलम इसाक शेख (60) के रूप में हुई है। हादसा गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे खैरानी रोड पर हुआ, जो अंधेरी-साकीनाका और जोगेश्वरी को कुर्ला-घाटकोपर से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क मरम्मत कार्य के दौरान निजी ठेका कर्मचारियों ने मैनहोल का ढक्कन हटाया हुआ था। इसी दौरान असलम मोबाइल पर बात करते हुए वहां से गुजर रहे थे और खुले मैनहोल में गिर गए।

घटना के तुरंत बाद कर्मचारियों ने सीढ़ी डालकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें केवल असलम का छाता और चप्पल ही मिले। भारी बारिश के कारण नाले में पानी का तेज बहाव होने से वह बह गए। सूचना मिलते ही मुंबई दमकल विभाग और अन्य आपातकालीन एजेंसियों ने संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद असलम का शव नाले के भीतर से बरामद किया गया।

इसी दिन दहिसर इलाके में भी एक व्यक्ति नाले में गिर गया था, लेकिन पुलिस और रेस्क्यू टीम ने समय रहते उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मानसून के दौरान मुंबई में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में माटुंगा में निरीक्षण के दौरान एक BMC कर्मचारी खुले मैनहोल में गिर गया था, जिसे सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं, चेंबूर में बारिश के दौरान एक जर्जर पेड़ स्कूल बस पर गिरने से 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई थी। मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई में पिछले 24 घंटों में 172 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने समुद्र में करीब 15 फीट ऊंची लहरें उठने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से समुद्र तटों से दूर रहने की अपील की है।