मुंबई। गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार जंतर-मंतर पर चल रहे एक प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया लाइव के दौरान दिया गया उनका जवाब कुछ फैंस को पसंद नहीं आया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना शुरू हो गई।
हाल ही में फैंस के साथ एक लाइव सेशन के दौरान दिलजीत से जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा, “जंतर-मंतर पर कौन सा विरोध प्रदर्शन चल रहा है? भाई, मुझे तो प्रोटेस्ट से दूर ही रखो। मैं एक आर्टिस्ट हूं, मुझे तो बस ऐसे ही घसीट लिया जाता है।” उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स ने उनके बयान को असंवेदनशील बताया, जबकि कुछ ने उनकी आलोचना करते हुए बहिष्कार (बायकॉट) की मांग भी की। वहीं, कई प्रशंसकों का मानना है कि दिलजीत केवल विवादों से दूर रहने की बात कर रहे थे।
वर्कफ्रंट की बात करें तो दिलजीत दोसांझ जल्द ही निर्देशक अमरजीत सिंह सरोन की पंजाबी फिल्म ‘रन्ना च धन्ना’ में नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा की जा चुकी है और यह 25 जून 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
