केशलूर-जगदलपुर ओवरब्रिज निर्माण में देरी पर ठेकेदार को नोटिस, लोक निर्माण विभाग सख्त

Follow Us

रायपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशलूर-जगदलपुर मार्ग में बन रहे फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य में धीमी प्रगति पर लोक निर्माण विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने 6 जून को अपने बस्तर प्रवास के दौरान निर्माणाधीन ओवरब्रिज का निरीक्षण किया था, जहां कार्य की धीमी गति और तय समय से पीछे चलने पर उन्होंने नाराजगी जताई थी। उन्होंने मौके पर ही ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए अनुबंध के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

69 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस ओवरब्रिज के निर्माण में साइट उपलब्ध होने के बावजूद पर्याप्त मैनपावर, मशीनरी और सामग्री की कमी के कारण प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई। विभागीय समीक्षा में यह भी सामने आया कि काम निर्धारित माइलस्टोन के अनुरूप आगे नहीं बढ़ पाया है। मुख्य अभियंता ने जारी नोटिस में ठेकेदार को तत्काल संसाधन बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने और परियोजना को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि प्रगति में सुधार नहीं होने पर अनुबंध के प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।