खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले में शुक्रवार को कुदरत का ऐसा कहर टूटा कि पल भर में कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं। जिले के अलग-अलग इलाकों में अचानक हुई भारी वज्रपात (आसमानी बिजली) की चपेट में आने से खेत में काम कर रहे पिता-पुत्र सहित 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
पहली हृदयविदारक घटना पौरा सहायक थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव में घटी। यहां बलतारा पंचायत के एक खेत में करीब एक दर्जन मजदूर मक्के की फसल काट रहे थे। इसी बीच अचानक मौसम बिगड़ा और तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली सीधे खेत में आ गिरी। इसकी चपेट में आने से आशुतोष यादव, उनके पुत्र और एक अन्य ग्रामीण की बुरी तरह झुलसने से मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
कुदरत का दूसरा कहर बेलदौर थाना क्षेत्र के लबघड़िया गांव में देखने को मिला, जहां एक ही परिवार के 5 सदस्य आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। इस हादसे में 35 वर्षीय जवाहर शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं बेलदौर के ही नागपुर गांव में भी वज्रपात से एक और युवक की मौत हो गई। प्रशासन ने सभी 5 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को ढाढस बंधाते हुए सरकारी सहायता राशि जल्द दिलाने का भरोसा दिया है।
