बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, जिनमें मधेपुरा जिले के अलग-अलग थानों में तैनात तीन थाना प्रभारी (एसएचओ) और उनका कार ड्राइवर शामिल हैं। यह भीषण दुर्घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित नेशनल हाईवे 31 (NH-31) पर हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसका आधा हिस्सा ट्रक के पिछले हिस्से में जा धंसा।
मिली जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के तीनों थाना प्रभारी पटना से एकदिवसीय सरकारी प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) पूरा कर एक ही कार में सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात करीब 12:30 बजे उनकी अनियंत्रित कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार और सदर डीएसपी आनंद पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतकों की पहचान रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और उनके निजी कार चालक ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है।
इस हादसे में दो थाना प्रभारियों और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे थाना प्रभारी साजन पासवान ने सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक साथ तीन पुलिस अधिकारियों की मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। एसपी मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
