दुर्ग। थाना अंडा क्षेत्र में दुर्ग पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और प्रतिबंधित उत्पादों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गुटखा निर्माण और पैकेजिंग इकाइयों का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में कच्चा माल, मशीनें, पैकेजिंग सामग्री तथा तैयार उत्पाद जब्त किए हैं। जानकारी के अनुसार, थाना अंडा पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम कुथरेल और अंडा क्षेत्र में अवैध रूप से गुटखा निर्माण और उसकी पैकेजिंग का कार्य बड़े स्तर पर संचालित किया जा रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर दबिश दी और मौके पर चल रहे अवैध निर्माण कार्य का खुलासा किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के गुटखा निर्माण का कार्य चल रहा था। मौके से गुटखा बनाने में उपयोग होने वाला कच्चा माल, रसायन, मशीनें, पैकेजिंग सामग्री तथा बड़ी मात्रा में तैयार और अर्द्धनिर्मित उत्पाद बरामद किए गए। सभी सामग्री को विधिवत रूप से जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विभिन्न राज्यों, विशेषकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के निवासी शामिल हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क और सप्लाई चैन की जानकारी सामने आ सके।
थाना अंडा में इस मामले में अपराध क्रमांक 63/2026 और 64/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) तथा कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह पूरा अवैध कारोबार आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा था। बिना अनुमति और स्वास्थ्य नियमों का उल्लंघन करते हुए बड़े पैमाने पर गुटखा तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर की गई, जिसमें पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इस कार्रवाई से अवैध गुटखा कारोबार पर बड़ा प्रभाव पड़ेगा और क्षेत्र में ऐसे अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। दुर्ग पुलिस ने कहा है कि अवैध मादक पदार्थों, तंबाकू उत्पादों और प्रतिबंधित वस्तुओं के निर्माण व बिक्री पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। यह कार्रवाई न केवल अवैध कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, बल्कि इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
