जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के दो जिलों में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है। जगदलपुर में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत हो गई, तो वहीं बलौदा बाजार में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों मामलों की जांच शुरु कर दी है।
ट्रक छोड़कर चालक फरार
यह हादसा परपा थाना क्षेत्र में गीदम रोड मार्ग पर हुआ है। हादसा इतना भीषण था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजकर जांच शुरु कर दी गई है।
बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
वहीं बलौदा बाजार के रायपुर रोड पर भी आज शाम सड़क हादसा हुआ है। कोतवाली थाना क्षेत्र में शासकीय शराब दुकान के पास बाइक सवार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया।
इस घटना में सिर में चोट लगने से वो गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने घायल को जिला हास्पिटल भेज दिया है और घायल के परिजनों के साथ ही अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरु कर दी है।
