रायपुर। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने धरसींवा विकासखंड के ग्राम देवरी में विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत ग्रामीणों से मुलाकात की और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक भवन, सीसी रोड, खेल मैदान विकास, गजराज तालाब के सौंदर्यीकरण, ज्योति कैलाश भवन की मरम्मत और घाट निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए लाखों रुपये की स्वीकृति प्रदान की। साथ ही गांव की बढ़ती आबादी को देखते हुए महतारी सदन निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने की बात कही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अग्रवाल ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत तथा जन-धन योजना जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान और युवाओं के उत्थान के लिए लगातार कार्य हो रहे हैं। जनसंपर्क अभियान के दौरान सांसद ने ग्रामीणों के घर-घर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं, स्थानीय लोगों के साथ रात्रि भोज किया और भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता बलिराम यादव के निवास पहुंचकर उनका कुशलक्षेम भी जाना।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने देवरी गांव में किया जनसंपर्क, विकास कार्यों के लिए करोड़ों की सौगात दी
