छत्तीसगढ़ में शुरू हुई CM हेल्पलाइन 1076, अब शिकायतों का होगा सीधे समाधान

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर से CM हेल्पलाइन-1076 का शुभारंभ किया। यह नई व्यवस्था जनता और सरकार के बीच सीधे संवाद का सशक्त माध्यम बनेगी। इस हेल्पलाइन के माध्यम से प्रदेश के नागरिक अब अपनी शिकायतें, सुझाव और समस्याएं टोल-फ्री नंबर 1076, मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए सीधे दर्ज करा सकेंगे। सरकार का उद्देश्य शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है। नई प्रणाली के तहत प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिससे उसकी ट्रैकिंग और निगरानी आसानी से की जा सकेगी। इससे शिकायतों के समयबद्ध और प्रभावी निराकरण को सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

व्यवस्था में यह भी प्रावधान किया गया है कि यदि कोई नागरिक शिकायत के समाधान से संतुष्ट नहीं है, तो वह पुनः समीक्षा की मांग कर सकता है। इससे जवाबदेही बढ़ेगी और शिकायत निवारण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। इसके अलावा नागरिक राज्य के विकास से जुड़े अपने सुझाव भी सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे। सरकार का मानना है कि जनभागीदारी बढ़ाने और नीतिगत निर्णयों में आम लोगों की राय शामिल करने में यह पहल अहम भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन का मूल उद्देश्य जनता की समस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि CM हेल्पलाइन-1076 शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करेगी। अधिकारियों के अनुसार यह प्रणाली विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर बेहतर निगरानी रखने के साथ-साथ जनसेवा को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाएगी। इससे लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और डिजिटल माध्यम से त्वरित सहायता मिल सकेगी।