कबीरधाम। जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। बोड़ला थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने खैरबनाखुर्द गांव में छापेमारी कर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर पैसे लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। मौके से 21,260 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन और ताश की गड्डी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 92,260 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
