पटना।पटना के मशहूर शिक्षक ‘खान सर’ के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पटना सिविल कोर्ट ने कथित गोलीबारी मामले में उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी है। दरअसल, 2 जून को खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुई एक फायरिंग की घटना को लेकर पटना के कदमकुआं थाने में उनके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई थी। इस मामले में खुद को घिरता देख खान सर ने सोमवार को कोर्ट में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) की याचिका दायर की थी, जिस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने पुलिसिया कार्रवाई और गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगाने का आदेश दिया है।
यह पूरा विवाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद शुरू हुआ था। 2 जून के बताए जा रहे इस वीडियो में खान सर के कोचिंग संस्थान के दो सुरक्षा गार्ड कथित रूप से हवा में फायरिंग करते नजर आ रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने दोनों गार्डों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है कि फायरिंग क्यों और किन परिस्थितियों में की गई। फिलहाल, कोर्ट के इस फैसले से खान सर को एक बड़ी तात्कालिक राहत मिल गई है।
