ट्रंप की नेतन्याहू को दो टूक चेतावनी: बोले-‘बीबी, जरा संभलकर चलो, वरना दुनिया में बिल्कुल अकेले पड़ जाओगे’

Follow Us

तेहरान/यरूशलम। ईरान और इजराइल के बीच तेजी से बढ़ते सैन्य तनाव और मिसाइल हमलों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को बेहद सख्त लहजे में चेतावनी दी है। ट्रंप ने नेतन्याहू से फोन पर बात करते हुए साफ कहा कि इजराइल को अब सावधान हो जाना चाहिए, क्योंकि ईरान के खिलाफ किसी भी बड़े सैन्य एक्शन की स्थिति में वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पूरी तरह अलग-थलग पड़ सकता है। दरअसल, ट्रंप की सबसे बड़ी चिंता यह है कि इजराइल की आक्रामक जवाबी कार्रवाई अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बेहद संवेदनशील कूटनीतिक बातचीत को पूरी तरह पटरी से उतार सकती है।

यह चेतावनी उस वक्त आई है जब इजराइल ने बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर भीषण हमले किए, जिसके जवाब में ईरान ने इजराइल पर मिसाइलों की बौछार कर दी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप ने नेतन्याहू पर तेहरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान न चलाने का भारी दबाव बनाया। इस कड़े रुख के बाद इजराइल इस शर्त पर बड़े हमले रोकने के लिए राजी हो गया है कि ईरान भी अपनी तरफ से गोलाबारी बंद करे।

हालांकि, इन सबके बावजूद पीएम नेतन्याहू ने व्हाइट हाउस को स्पष्ट कर दिया है कि इजराइल अपने हितों की रक्षा के लिए सीमित हमले जारी रखेगा। अमेरिकी रक्षा अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने इजराइल के इन हमलों में सीधे भाग नहीं लिया, लेकिन उसने ईरान की तरफ से आ रही मिसाइलों को मार गिराने में इजराइल की पूरी मदद की है। फिलहाल, दोनों देशों की ओर से लड़ाई को और न बढ़ाने के संकेत मिलने के बाद पश्चिम एशिया में युद्ध का तात्कालिक खतरा टलता दिख रहा है।