शिमला। हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला शिमला पुलिस लगातार बड़ी कार्रवाई कर रही है। बीते 48 घंटों के दौरान रोहड़ू और कोटखाई क्षेत्र में पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए दस आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में पुलिस ने 30.50 ग्राम चिट्टा और छह ग्राम क्रिस्टल मेथ बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लगातार खुफिया सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं। इसी कड़ी में रोहड़ू और कोटखाई क्षेत्र में पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी। सूचनाओं के आधार पर विशेष नाकाबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया।
जिनमें बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद करने में सफलता मिली। सबसे बड़ी कार्रवाई पुलिस थाना रोहड़ू के तहत दर्ज अभियोग संख्या 57/2026 में सामने आई। पांच जून को डिटेक्शन सैल, रोहड़ू को सूचना मिली कि एक वाहन में सवार कुछ व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने महेंदली क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार व्यक्तियों के कब्जे से 19 ग्राम चिट्टा बरामद किया। बरामदगी के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी पंजाब के फिरोजपुर और मोगा जिलों के निवासी हैं। एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चिट्टा कहां से खरीदा गया था और इसकी सप्लाई हिमाचल के किस क्षेत्र में की जानी थी।
