इश्क का ऐसा भूत! गर्लफ्रेंड की ख्वाहिशें पूरी करने के लिए घर में ही कर दी लाखों की चोरी

Follow Us

नागपुर । नागपुर में गर्लफ्रेंड के साथ प्रेम संबंधों में खर्च पूरा करने के लिए एक युवक ने अपनी ही दादी के घर में चोरी कर डाली. बताया जाता है कि युवक ने करीब 2 लाख रुपये के जेवर और नकदी चुरा ली. हालांकि गणेशपेठ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और पूरे मामले का खुलासा कर दिया. दरअसल, इंदिरानगर निवासी सुमित्रा किशोर मस्ते (60) ने घर की अलमारी में 93 हजार रुपये नकद और सोने की चेन, अंगूठी व कानों के गहने रखे थे. कुल मिलाकर करीब 1 लाख 93 हजार रुपये का सामान था. 30 मई से 2 जून के बीच यह सामान अचानक गायब हो गया. काफी तलाश के बाद भी सामान नहीं मिलने पर उन्होंने गणेशपेठ थाने में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया.

जांच के दौरान पुलिस ने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और घर आने-जाने वालों से पूछताछ की. पूछताछ में यह सामने आया है कि शिकायतकर्ता का नाती तुषार प्रदीप मस्ते (22) घर आया था. जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की. शुरुआत में उसने नकार दिया लेकिन बाद में चोरी की बात कबूल कर ली. तुषार ने पुलिस की जांच में बताया है कि उसे अपनी गर्लफ्रेंड पर खर्च करने के लिए पैसों की जरूरत थी, इसलिए उसने दादी के घर से जेवर और नकदी चुरा ली. जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद उसने सोने के गहने एक सुनार को बेच दिए थे. जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुनार से गहने बरामद कर लिए और आरोपी से नकदी भी जब्त कर ली. इस घटना के बाद इलाके में हैरानी जताई जा रही है कि एक नाती ने ही भरोसे का फायदा उठाकर अपनी दादी के घर चोरी की. पुलिस ने पोते के ख़िलाफ़ BNS की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामले दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है