ममता बनर्जी का ‘पुष्पा’ गिरफ्तार: नेपाल भाग रहा टीएमसी नेता जहांगीर खान बॉर्डर से दबोचा गया, हाईकोर्ट से झटका लगते ही एसटीएफ का बड़ा एक्शन

Follow Us

कोलकाता। पश्चिम बंगाल से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। खुद को तृणमूल कांग्रेस (TMC) का ‘पुष्पा’ बताने वाले कद्दावर नेता जहांगीर खान को बंगाल एसटीएफ (STF) ने बंगाल-नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और कानून के शिकंजे से बचने के लिए जहांगीर खान भारत-नेपाल सीमा पर स्थित पशुपतिनाथ मार्केट के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में था, तभी खुफिया जानकारी के आधार पर एसटीएफ ने उसे दबोच लिया। डायमंड हार्बर लोकसभा सीट से ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को रिकॉर्ड 7 लाख वोटों से ऐतिहासिक जीत दिलाने के पीछे जहांगीर खान को ही मुख्य रणनीतिकार माना जाता है। विधानसभा चुनाव के दौरान एक आईपीएस अधिकारी को ‘पुष्पा’ फिल्म के अंदाज में “झुकेंगे नहीं” कहकर धमकी देने के बाद वह देश भर की सुर्खियों में आया था।

जहांगीर खान पर हत्या के प्रयास, दंगा भड़काने, जबरन वसूली, अवैध जमीन कब्जाने और बेहिसाब संपत्ति जुटाने जैसे करीब सात गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा ईडी (ED) भी उसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के मामले की जांच कर रही है। कोलकाता हाईकोर्ट से मिली अंतरिम सुरक्षा (गिरफ्तारी से राहत) की अवधि समाप्त होने और अदालत द्वारा इसे आगे बढ़ाने से इनकार करने के बाद से ही वह लापता चल रहा था। गिरफ्तारी के इसी खौफ की वजह से उसने फाल्टा विधानसभा उपचुनाव लड़ने से भी ऐन वक्त पर इनकार कर दिया था। बता दें कि फाल्टा सीट पर वोटिंग के दिन ईवीएम (EVM) पर भाजपा के चुनाव चिह्न के आगे सेलोटेप चिपकाने का वीडियो वायरल होने के बाद चुनाव आयोग ने वहां दोबारा मतदान कराया था। फिलहाल एसटीएफ जहांगीर खान को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ में जुट गई है।