मनीला। फिलीपींस में सोमवार सुबह भूकंप के बेहद शक्तिशाली और विनाशकारी झटकों ने भारी तबाही मचाई है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, देश के मिंडानाओ द्वीप पर एक घंटे के भीतर तीन बड़े झटके महसूस किए गए। सुबह 5:07 बजे आए पहले मुख्य भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.8 मापी गई, जिसका केंद्र जमीन से महज 10 किलोमीटर की गहराई में था। इसके बाद सुबह 5:18 बजे 6.4 और 6:25 बजे 6.6 तीव्रता के दो और तगड़े झटके लगे। इस भीषण आपदा में कई बहुमंजिला इमारतें और स्कूल ताश के पत्तों की तरह जमींदोज हो गए। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है, जिसके बाद बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर आए खौफनाक वीडियो में इमारतों को मलबे में तब्दील होते और डर के साये में बच्चों को जमीन पर बैठे देखा जा सकता है। इस हाई-इंटेंसिटी भूकंप के बाद फिलीपींस, इंडोनेशिया, जापान और मलेशिया के तटीय इलाकों में 3 मीटर (करीब 10 फीट) तक ऊंची लहरें उठने का सुनामी अलर्ट जारी किया गया है। भूकंप का असर इंडोनेशिया के उत्तर सुलावेसी तक महसूस किया गया। प्रशांत महासागर के बेहद संवेदनशील ‘रिंग ऑफ फायर’ पर स्थित होने के कारण फिलीपींस में अक्सर ऐसे खतरनाक भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट देखने को मिलते हैं।
